35.2 C
Noida
Monday, April 13, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे, दोपहर 12 बजे सिवान पहुंचेंगे!

Must read

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बिहार जाएंगे सिवान में आज एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करेंगे. दोपहर 12 बजे वह सिवान पहुंचेंगे. पीएम मोदी का इस साल बिहार का ये चौथा दौरा है. सिवान में पीएम मोदी एक बड़े कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और राज्य को करोड़ों रुपये की सौगात भी देंगे. पीएम मोदी का ये कार्यक्रम 1 बजकर 15 मिनट तक चलेगा. जानकारी के मुताबिक, सिवान रैली में पीएम मोदी 10 हजार करोड़ रुपयों के विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे. इतना ही नहीं पीएम पटना से गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाएंगे.

बिहार में इस साल अक्टूबर-नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं. महागठबंधन का गढ़ माने जाने वाले सिवान और आसपास की 24 विधानसभा सीटों पर एनडीए ने जीत का लक्ष्य रखा है. बाहुबली शहाबुद्दीन के गढ़ में पीएम मोदी का आना बहुत ही खास है. रैली के जरिए पीएम मोदी सिवान के साथ ही सारण और गोपालगंज की 24 विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश करेंगे. महागठबंधन का ये इलाका एनडीए के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है पीएम मोदी की ये रैली यहां एनडीए की राह आसान कर सकती है.

सिवान में मुस्लिम वोटर्स का दबदबा है बता दें कि सिवान जिले में 8 विधानसभा क्षेत्र में मुस्लिम वोटर्स का दबदबा है. यहां 25% से ज्यादा मुस्लिम हैं और यादव वोट भी अच्छी तादात में है. समीकरण की वजह से यहां आरजेडी का दबदबा है. लेकिन खास बात यह है कि सवर्ण और अति पिछड़ा वोट बैंक नीतीश और बीजेपी के साथ है. यही वजह है कि सिवान की 8 विधानसभा सीटों पर लड़ाई कांटे की है.

पीएम मोदी की सीवान में आज होने वाली रैली के लिए जर्मन तकनीक से पांच बड़े पंडाल बनाए गए हैं. जानकारी के मुताबिक हर एक पंडाल में 70 हजार से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी. इन पंडालों में 210 बायो टॉयलेट भी बनाए गए हैं. साथ ही गर्मी में लोगों की प्यास बुझाने के लिए यहां बोरिंग भी की गई है. ये पंडाल पूरी तरह से वॉटर प्रूफ होंगे, ताकि बारिश का भी इन पर असर न हो. पीएम मोदी के कार्यक्रम स्थल के चारों तरफ 25 जगहों में पार्किंग की व्यवस्था की गई है, ताकि वाहनों को दिक्कत न हो. पंडाल से 500 मीटर दूर वीआईपी पार्किंग की व्यवस्था की गई है. वहीं 2 किमी दूर नॉर्मल पार्किंग बनाई गई है.

सीवान में पीएम मोदी की रैली को देखते हुए शुक्रवार को सभी स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान और आंगनबाड़ी केंद्रों में शैक्षणिक गतिविधियों पर बैन लगा दिया गया है. डीएम आदित्य प्रकाश ने इसे लेकर एक चिट्ठी जारी की है. इस पर जमकर विवाद हो रहा है. इस आदेश को लेकर राज्य की सियासत काफी गरमाई हुई है. आरजेडी सांसद मनोज झा ने डीएम की चिट्टी पर तंज कसते हुए एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि पीएम के चुनावी दौरे की वजह से शैक्षणिक गतिविधियों पर प्रतिबंध, पढ़ेगा इंडिया, तभी तो बढ़ेगा इंडिया की हकीकत आपके सामने है.
हालांकि डीएम ने अपनी चिट्ठी में तर्क दिया है कि पीएम के सिवान आगमन की वजह से सड़कों पर भारी ट्रैफिक रहेगा. इस दौरान बच्चों को स्कूल और कोचिंग जाने में परेशानी हो सकती है. गर्मी की वजह से बच्चों की हेल्थ पर असर हो सकता है. इन्हीं बातों को ध्यान में रखते हुए शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई है.

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article